जशपुर में 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराया बिजली का खंभा, 2 मजदूरों की मौत, 4 घायल
रायपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पाकरगांव में मंगलवार को बिजली का करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. सभी मजदूर लोहे का बिजली का खंभा दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे थे. इसी दौरान खंभा 11 हजार वोल्ट की चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. हादसे के बाद सवाल उठ रहे हैं कि काम शुरू करने से पहले बिजली सप्लाई बंद की गई थी या नहीं और जरूरी परमिशन ली गई थी या नहीं.
यह हादसा जशपुर जिले के पत्थलगांव इलाके में हुआ. यहां एक प्राइवेट ठेकेदार के मजदूर पुराने बिजली के खंभे को हटाकर उसकी जगह नया खंभा लगा रहे थे. इसके लिए ट्रैक्टर की मदद ली जा रही थी. इसी दौरान लोहे का खंभा 11 हजार वोल्ट की चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और मजदूर करंट की चपेट में आ गए.
पुलिस ने मृत मजदूरों की पहचान रायगढ़ जिले के अलेख एक्का (28) और गरियाबंद जिले के तोमन ध्रुव (30) के रूप में की है. वहीं, हादसे में त्रिभुवन ध्रुव और लोचन माझी समेत चार मजदूर घायल हुए हैं. इनमें दो मजदूरों को गंभीर रूप से जलने की चोटें आई हैं, जबकि बाकी मजदूरों को हल्की चोटें लगी हैं.
पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि बिजली के खंभे को दूसरी जगह शिफ्ट करने के काम में सात मजदूर लगे हुए थे. इसी दौरान खंभा 11 हजार वोल्ट की चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. करंट लगने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
