Friday, October 23, 2026
Latest Newsअन्य खबरबड़ी खबर

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम आएगा जेल के बाहर!

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को लेकर बड़ी खबर आ रही है. जानकारी के अनुसार उन्हें शुक्रवार को फिर 40 दिन की पैरोल दी गयी. यदि आपको याद हो तो अपनी दो शिष्याओं के साथ बलात्कार के आरोप में 20 साल की सजा काट रहे राम रहीम को तीन महीने पहले भी 40 दिन की पैरोल दी गयी थी.

रोहतक के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा के हवाले से मीडिया में खबर आ रही है कि पैरोल 40 दिनों के लिए प्रदान की गयी है जिसे देने में पूरी तरह से नियम का पालन किया गया है. गौर हो कि डेरा प्रमुख की आखिरी 40 दिन की पैरोल पिछले साल 25 नवंबर को खत्म हुई थी. वह 14 अक्टूबर को रिहा होने के बाद उत्तर प्रदेश में अपने बरनावा आश्रम पहुंचे थे.

इससे पहले, हरियाणा के जेल मंत्री रंजीत सिंह चौटाला ने डेरा प्रमुख की ताजा पैरोल याचिका पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि डेरा प्रमुख ने 40 दिनों के पैरोल के लिए एक आवेदन दायर किया था, जिसे रोहतक संभागीय आयुक्त को भेज दिया गया था. सूत्रों के हवाले से मीडिया में खबर चल रही है कि अपनी पैरोल अवधि के दौरान डेरा प्रमुख के 25 जनवरी को पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम सिंह की जयंती कार्यक्रम में भी शामिल होने की संभावना है.