Iran Attack on US : एक–दो दिन के अंदर अमेरिका को करारा जवाब देगा ईरान
Iran Attack on US : अमेरिका को करारा जवाब देने की तैयारी में ईरान है. जी हां…डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली अमेरिकी सरकार ने पिछले दिनों ईरान के तीन परमाणु ठिकानों (फोर्डो, नतान्ज़ और इस्फहान) पर हमला किया था. इसके बाद ईरान ने संभावित जवाबी कार्रवाई के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. हालांकि अमेरिका अब भी कूटनीतिक समाधान की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसका आकलन है कि ईरान अगले एक-दो दिनों में मध्य पूर्व में अमेरिकी सेनाओं को निशाना बनाकर जवाबी हमले कर सकता है. सोमवार को दो अमेरिकी अधिकारियों ने रॉयटर्स से नाम न बताने की शर्त पर बात करते हुए कहा कि ईरान का जवाबी हमला अगले एक या दो दिनों के भीतर हो सकता है.
ईरान ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है, क्योंकि अमेरिका ने वीकेंड में उसके परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस हमले में ईरान की परमाणु संवर्धन सुविधाएं पूरी तरह से नष्ट कर दी गईं.
अमेरिका ने किया ईरान पर हमला
शनिवार को अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर बंकर-बस्टर बमों से हमला किया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले को संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल और पूरी दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया और ईरान से युद्ध समाप्त करने. की अपील की. हमले की पुष्टि करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहले ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, “हमने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर बहुत सफलतापूर्वक हमला पूरा किया है. सभी विमान अब ईरानी हवाई क्षेत्र से बाहर हैं. मुख्य ठिकाने फोर्डो पर बमों की पूरी खेप गिराई गई. सभी विमान सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों की ओर लौट रहे हैं. हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई. दुनिया में ऐसा कोई और सैन्य बल नहीं है जो यह कर सकता था. अब शांति का समय है! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.”
इन हमलों के साथ, अमेरिका आधिकारिक रूप से ईरान के खिलाफ इजरायल के अभियान में सीधे तौर पर शामिल हो गया है. ईरान पर अमेरिकी हमलों को लेकर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “आज मैं दुनिया को यह बताना चाहता हूं कि ये हमले सैन्य दृष्टिकोण से बेहद सफल रहे. ईरान की प्रमुख परमाणु संवर्धन सुविधाएं पूरी तरह से नष्ट कर दी गई हैं. ईरान अब शांति करे. अगर उसने ऐसा नहीं किया, तो भविष्य के हमले इससे कहीं ज़्यादा बड़े और आसान होंगे.”
